रांची : सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को राजधानी रांची के मेन रोड स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। इस पावन अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और विधायक सीपी सिंह गुरुद्वारे पहुंचे। तीनों जनप्रतिनिधियों ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि वे गुरु नानक देव जी से देश के युवाओं को नशे से दूर रखने और भारत को नशामुक्त बनाने का आशीर्वाद मांगने आए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना समाज और देश के बेहतर भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने वर्ष 2030 तक दुनिया को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य के जल्द पूरा होने की कामना की। साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प की सफलता के लिए भी गुरु का आशीर्वाद मांगा।

गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, मेन रोड के विक्रम सिंह ने प्रकाश पर्व पर देश और झारखंडवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरी दुनिया को मानवता, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। उनकी शिक्षा के अनुसार समस्त मानव जाति एक है। इंसान की पहचान उसके धर्म और जाति से नहीं, बल्कि उसके कर्म और इंसानियत से होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। इनका अर्थ है ईमानदारी से मेहनत करना, परमात्मा का स्मरण करना और अपनी कमाई में से जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाना। विक्रम सिंह ने युवाओं से नशे से दूर रहने, अच्छे संस्कार अपनाने और बड़ों का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना ही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को सच्चे अर्थों में अपनाना है।


