नई दिल्ली: भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज अभिनव मुकुंद का मानना है कि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के बदले हरफनमौला हार्दिक पंड्या को टीम में शामिल करने का पंजाब किंग्स का फैसला सही नहीं लगता और इस अदला-बदली से मुंबई इंडियंस को ज्यादा फायदा होता दिख रहा है। हार्दिक पिछले तीन आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) सत्र में मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर चुके हैं। अब वह अर्शदीप के बदले पंजाब किंग्स से जुड़ने जा रहे हैं। मुकुंद ने ‘जियोस्टार’ से कहा, ‘‘ पिछली बड़ी नीलामी में पंजाब किंग्स ने अपने ज्यादातर पैसे अर्शदीप, श्रेयस अय्यर और युजवेंद्र चहल जैसे तीन बड़े खिलाड़ियों पर खर्च किए थे। अगर टीम को अपने मुख्य खिलाड़ियों पर भरोसा नहीं है और वह नया मजबूत संयोजन बनाना चाहती है। ऐसे में हरफनमौला खिलाड़ीओ की जरूरत महसूस होती है।’’

उन्होंने कहा, ”यह सौदा मुंबई इंडियंस के लिए शानदार है, लेकिन पंजाब किंग्स के फैसले पर सवाल उठते हैं। अगर हार्दिक पंजाब की टीम में आते हैं, तो क्या वह सिर्फ हरफनमौला के तौर पर खेलेंगे?” मुकुंद ने कहा, ‘‘हार्दिक को श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलना होगा। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि हार्दिक इस भूमिका के लिए तैयार हैं या नहीं और क्या श्रेयस के साथ इस बारे में उनकी कोई बातचीत हुई है।’’



