चरही NH पर भीषण सड़क हादसा : तेज रफ्तार ट्रेलर ने तीन वाहनों को रौंदा, दो की मौके पर मौत

हजारीबाग के चरही एनएच ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने खड़े वाहनों को मारी टक्कर, दो लोगों की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल, हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

हजारीबाग : चरही एनएच स्थित ओवरब्रिज के समीप प्रकाश होटल के पास रविवार सुबह करीब छह बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बिहार शरीफ से ईंट लादकर रांची जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर में सवार दो लोगों की मौके पर ही दबकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर संख्या BR 52 G 7513 बिहार शरीफ से ईंट लेकर रांची की ओर जा रहा था। सुबह के समय चरही एनएच ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सड़क किनारे खड़े वाहनों में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की चपेट में आया ट्रक संख्या UP 83 BT 4773 प्लास्टिक दाना लेकर पानीपत से विशाखापत्तनम जा रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक प्रकाश होटल के पास चाय पीने के लिए वाहन खड़ा कर रुका हुआ था। तभी पीछे से आए ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इसके अलावा सड़क किनारे खड़े दो अन्य वाहन भी दुर्घटना की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें भारी नुकसान पहुंचा।

घटना की सूचना मिलते ही चरही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ट्रेलर के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद कुछ देर तक एनएच पर यातायात बाधित रहा। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क पर आवागमन सामान्य कराया गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है।

Share This Article
Avantika Raj Choudhary एक अनुभवी और बहुआयामी पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन वर्षों का समृद्ध अनुभव प्राप्त है। इस दौरान उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग, स्क्रिप्ट राइटिंग और वेबसाइट संचालन जैसे मीडिया के विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। खबरों की गहरी समझ, प्रभावशाली प्रस्तुति और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को संवेदनशीलता के साथ सामने लाने की उनकी क्षमता उन्हें एक सशक्त मीडिया प्रोफेशनल बनाती है। अपने करियर के दौरान Avantika ने Jharkhand Live, The Fourth Pillar, 22 Scope और Khabar Mantra जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य किया है, जहाँ उन्होंने अपनी पेशेवर दक्षता, मेहनत और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। एंकर के रूप में उनकी प्रभावशाली संवाद शैली, रिपोर्टर के रूप में जमीनी हकीकत को सामने लाने की क्षमता, और स्क्रिप्ट राइटर के रूप में सटीक एवं आकर्षक लेखन ने उन्हें मीडिया जगत में एक अलग पहचान दिलाई है। डिजिटल और ग्राउंड मीडिया दोनों प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करने का अनुभव रखने वाली Avantika Raj Choudhary पत्रकारिता के बदलते स्वरूप के साथ खुद को निरंतर अपडेट करती रही हैं। उनकी कार्यशैली में निष्पक्षता, समर्पण और दर्शकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का उद्देश्य स्पष्ट रूप से झलकता है। मीडिया इंडस्ट्री में उनका यह अनुभव और कौशल उन्हें भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियों की ओर अग्रसर करता है.