
Jamtara News : जामताड़ा में पटना-हावड़ा मुख्य रेल लाइन पर स्थित रूपनारायणपुर रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब ओवरब्रिज के नीचे ट्रैक के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ।
सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में मिले युवक को तत्काल रेस्क्यू कर चित्तरंजन स्थित अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक के सिर पर गंभीर चोट का निशान पाया गया है और अत्यधिक खून बह चुका था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह हादसा चलती ट्रेन से गिरने का है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है। मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसे अनलॉक कर पहचान स्थापित करने की कोशिश की जा रही है।
मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है और उसके पहनावे के आधार पर भी पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस आम लोगों से अपील कर रही है कि यदि किसी को इस व्यक्ति के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

