पढ़ाई में अहम भूमिका निभा सकती है एआई और नयी प्रौद्योगिकियां: हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शिक्षक दिवस पर कहा कि एआई और नई तकनीक शिक्षा को सहज, प्रभावी और विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) और नयी प्रौद्योगिकियां शिक्षण को अधिक सहज, प्रभावी और विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। सोरेन ने शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सरकार का संकल्प नयी पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “समय के साथ शिक्षा व्यवस्था भी बदल रही है। एआई और नयी प्रौद्योगिकियां शिक्षण को अधिक सहज, प्रभावी और विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप बनाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में शिक्षा व्यवस्था की कमियों को दूर करने और इसे मजबूत बनाने के लिए प्रभावी सुधार लागू करने की दिशा में हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। सोरेन ने कहा, ‘‘हमारा संकल्प है कि आधुनिक तकनीक के साथ नयी पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर उनका विकास किया जाए, साथ ही उन्हें अपनी संस्कृति, मूल्यों और विरासत से भी जोड़े रखा जाए।” झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें नमन किया। गंगवार ने ‘एक्स’ पर कहा, “ज्ञान का प्रकाश फैलाने और विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने वाले सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई।”

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।