बोकारो : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को बोकारो जिले में निर्माणाधीन कसमार-बरलंगा मुख्य सड़क का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता का विस्तृत जायजा लिया। वापसी के क्रम में उन्होंने सेवाती घाटी की भौगोलिक स्थिति तथा सड़क मार्ग का अवलोकन भी किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कसमार-बरलंगा मार्ग क्षेत्रीय आवागमन और कनेक्टिविटी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क का निर्माण पूरा होने से आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुगमता होगी, जिससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

आम जनता के बीच पहुंचे सीएम, चाय-पकौड़ी का लिया आनंद
निरीक्षण के पश्चात मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन कसमार के तीनकोनिया चौक स्थित एक स्थानीय होटल पर पहुंचे। वहां दोनों ने आम लोगों के बीच बैठकर गरमा-गरम चाय और पकौड़ी का आनंद लिया। तीनकोनिया चौक पर मुख्यमंत्री और विधायक को अपने बीच पाकर स्थानीय ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। मुख्यमंत्री ने अत्यंत सहज और आत्मीय माहौल में लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और क्षेत्र की जनसुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली।


