
हमीरपुर : जिला मुख्यालय में बुधवार को 79वां हिमाचल दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड्स, एनसीसी, एनएसएस, वन मित्र, आपदा मित्र, विभिन्न स्कूलों तथा विशेष बच्चों की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी समारोह को रंगारंग बना दिया। कुलदीप सिंह पठानिया ने हिमाचल दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद करने का अवसर है।
उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल, 1948 को हिमाचल प्रदेश का गठन हुआ और डॉ. वाईएस परमार का इसमें अहम योगदान रहा। उन्होंने हाल के वर्षों में सरकार द्वारा चलाई गई सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और आपदा राहत पैकेज की सराहना की। साथ ही, राजस्व घाटे जैसी आर्थिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि इन परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। अंत में प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।

