हिमाचल में भारी बारिश के कारण 185 सड़कों को बंद किया गया

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

शिमला : हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश के कारण 185 सड़कों को बंद कर दिया गया है। शिमला मौसम कार्यालय ने शनिवार को राज्य के कुछ हस्सों में सोमवार और मंगलवार को भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका को देखते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया।राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, शनिवार सुबह तक 77 जलापूर्ति योजनाएं और 104 ट्रांसफॉर्मर भी प्रभावित हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि मंडी में कुल 92 सड़कें अवरुद्ध हैं, इसके बाद कुल्लू में 48, चंबा और शिमला में 14-14, सिरमौर में नौ, कांगड़ा में पांच और ऊना जिले में तीन सड़कें अवरुद्ध हैं। अधिकारियों ने बताया कि 30 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 65 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 14 लोगों की भूस्खलन में और एक व्यक्ति की अचानक आई बाढ़ में मौत हुई थी।

उन्होंने बताया कि राज्य को अब तक कुल 834 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य में 14 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार शाम से हल्की से मध्यम बारिश हुई। धर्मशाला में सबसे अधिक 48.1 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई। मौसम कार्यालय के अनुसार, इसके बाद बजौरा में 31.5 मिमी, मनाली में 22 मिमी, सलापड़ में 21.8 मिमी और भुंतर में 21 मिमी बारिश हुई। वहीं, मुरारी देवी में 20 मिमी और जोगिंदरनगर में 16 मिमी बारिश दर्ज की गई। सुंदरनगर और शिमला में 15-15 मिमी बारिश हुई।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।