यात्रीगण कृपया ध्यान दें! ट्रेन में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, रेलवे ने जारी किए सख्त निर्देश

ट्रेन यात्रियों के लिए रेलवे बोर्ड ने सुरक्षा नियमों को सख्त किया है। रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने और औचक निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

डेस्क : ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए मोबाइल और पावर बैंक चार्ज करने से जुड़ी जरूरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के नियम का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। रेलवे का कहना है कि इस कदम का मकसद यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और ट्रेन में आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा कम करना है। दक्षिण पूर्व रेलवे में चार्जिंग के दौरान एक यात्री का पावर बैंक फटने की घटना के बाद रेलवे ने इस व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। अब संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच पर भी जोर दिया जा रहा है। रेलवे बोर्ड ने साफ किया है कि तय समय के दौरान चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के नियम में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।

पावर बैंक फटने की घटना के बाद रेलवे अलर्ट

दक्षिण पूर्व रेलवे में चार्जिंग के दौरान पावर बैंक फटने की घटना सामने आने के बाद ट्रेन में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। बताया गया कि घटना के समय कोच में चार्जिंग पॉइंट बंद नहीं किए गए थे। इसके बाद रेलवे बोर्ड ने रात के निर्धारित समय में चार्जिंग सुविधा बंद रखने के नियम पर सख्ती से अमल कराने को कहा है। मोबाइल फोन, पावर बैंक और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बैटरी खराब होने, ज्यादा गर्म होने या बिजली से जुड़ी गड़बड़ी के कारण आग लगने का खतरा पैदा हो सकता है। ट्रेन के बंद कोच में ऐसी घटना यात्रियों के लिए गंभीर परेशानी खड़ी कर सकती है। इसी जोखिम को कम करने के लिए रेलवे रात में चार्जिंग पॉइंट बंद रखने की व्यवस्था को प्रभावी बनाने में जुटा है।

कर्मचारियों की तय होगी जिम्मेदारी, औचक निरीक्षण भी होंगे

रेलवे बोर्ड ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग पॉइंट बंद रखना सुनिश्चित करें। इसके लिए ट्रेनों में तैनात कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश देने के साथ जरूरी प्रशिक्षण और परामर्श पर भी जोर दिया गया है। इसके अलावा अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। इन जांचों के दौरान यह देखा जाएगा कि तय समय में ट्रेनों के चार्जिंग पॉइंट बंद रखे जा रहे हैं या नहीं। अगर नियमों का पालन नहीं होता है या किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को रात के समय मोबाइल या पावर बैंक चार्ज करने के लिए पहले से ही अपनी तैयारी रखनी होगी।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।