अल्पसंख्यक समाज की एक मजबूत आवाज हैं डॉ इरफान अंसारी : अनवर अहमद

झारखंड के अल्पसंख्यक प्रतिनिधियों ने डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में एकजुटता का संकल्प लिया। बैठक में शिक्षा, रोजगार, आरक्षण और राजनीतिक भागीदारी सहित कई मांगें उठीं।

Archana Ekka
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : इरबा के अब्दुर्रज़्ज़ाक़ अंसारी हैंडलूम कॉम्प्लेक्स में रविवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अनवर अहमद अंसारी की मौजूदगी में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए बुद्धिजीवियों, उलेमा, धार्मिक विद्वानों, समाजसेवियों और अल्पसंख्यक समाज के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज की मौजूदा स्थिति, शिक्षा, राजनीतिक भागीदारी, संवैधानिक अधिकारों और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में समाज को आपसी मतभेदों से ऊपर उठाकर एकजुट करने तथा डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में सामूहिक रूप से आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया।

बैठक में वक्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के कार्यों और गरीबों एवं जरूरतमंदों के हित में उनकी ओर से उठाई जा रही आवाज की सराहना की। उनका कहना था कि समाज को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जो सदन से लेकर सड़क तक लोगों के अधिकारों और समस्याओं को मजबूती से उठा सके। कांग्रेस नेता अनवर अहमद अंसारी ने कहा कि डॉ. इरफान अंसारी झारखंड के अल्पसंख्यक समाज की एक मजबूत आवाज हैं। जिस तरह दूसरे राज्यों में समाज का अपना नेतृत्व है, उसी तरह झारखंड में भी डॉ. इरफान अंसारी के रूप में एक नेतृत्व मौजूद है। जरूरत है कि बुद्धिजीवी, उलेमा, समाजसेवी और सामाजिक प्रतिनिधि आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट हों और उन्हें मजबूती प्रदान करें। नेतृत्व मजबूत होगा, तभी समाज की समस्याओं और मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सकेगा।

बैठक में मौजूद उलेमा, बुद्धिजीवियों और समाजसेवियों ने भी मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से समाज के हित में सक्रिय भूमिका निभाते रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज उनके साथ खड़ा है और शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय तथा अधिकारों की लड़ाई में सामूहिक सहयोग दिया जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से समाज की एकजुटता, परिसीमन प्रक्रिया पर निगरानी, झारखंड में उर्दू अकादमी का गठन, वक्फ बोर्ड एवं हज कमेटी को विधिवत मान्यता और मजबूती देने, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की तर्ज पर राज्य में उच्चस्तरीय शिक्षण संस्थान स्थापित करने तथा मुसलमानों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। इसके अलावा शिक्षा को प्राथमिकता देने, आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी बच्चों की उच्च शिक्षा में सामूहिक सहयोग, थानों में मुस्लिम, आदिवासी और दलित समुदायों की उचित भागीदारी तथा ‘जिसकी जितनी आबादी, उसकी उतनी हिस्सेदारी’ के सिद्धांत के तहत राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। बैठक में जल्द ही झारखंडस्तरीय भव्य मुस्लिम सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

इसमें राज्य के सभी जिलों से उलेमा, बुद्धिजीवी, समाजसेवी, युवा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके साथ ही समाज के प्रति डॉ. इरफान अंसारी के योगदान और कार्यों की सराहना करते हुए उनके सम्मान में भव्य सम्मान समारोह आयोजित करने पर भी सहमति बनी। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जनता का प्यार और विश्वास ही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है। उन्होंने कहा, “मैं पहले इंसान हूं, फिर डॉक्टर और उसके बाद नेता। इंसानियत, ईमानदारी और गरीबों की सेवा को हमेशा अपना धर्म माना है। जब तक सांस है, गरीबों, मजलूमों और जरूरतमंदों के अधिकारों के लिए मेरी आवाज बुलंद होती रहेगी। सदन हो या सड़क, अन्याय के खिलाफ हमेशा खड़ा रहूंगा।”

बैठक में मजलिसे उलेमा झारखंड के पूर्व सदर हजरत मौलाना साबिर हुसैन, हजरत मौलाना मुफ्ती फुरकान, हजरत मौलाना इनायत कलीम, फिरोज अहमद अंसारी, जावेद अख्तर अंसारी, फैयाज कैसर, छब्बन रिजवी, इमामुल हक और अशफाक अंसारी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे। बैठक के अंत में समाज में एकता, बच्चों को बेहतर शिक्षा, युवाओं को अवसर, गरीबों को सहारा और प्रत्येक नागरिक को सम्मान एवं अधिकार दिलाने के सामूहिक संकल्प को दोहराया गया।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।