
All India Institute of Ayurveda : झारखंड को आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। रांची के इटकी में करीब 1000 करोड़ रुपये की लागत से अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) स्थापित करने की तैयारी तेज हो गई है। गुरुवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर जमीन चयन की प्रक्रिया का जायजा लिया।
40 एकड़ जमीन पर बनेगा संस्थान
प्रस्तावित संस्थान के लिए इटकी में करीब 40 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। निरीक्षण के दौरान एनएचएम निदेशक ने जमीन की उपलब्धता और अन्य जरूरी पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि की नापी का कार्य जल्द पूरा किया जाए, ताकि परियोजना की आगे की प्रक्रिया समय पर शुरू हो सके।
आयुर्वेद इलाज, शिक्षा और रिसर्च को मिलेगा बढ़ावा
केंद्र सरकार ने आम बजट में दिल्ली की तर्ज पर देश के तीन राज्यों में AIIA खोलने की घोषणा की थी, जिसमें झारखंड भी शामिल है। इस संस्थान के शुरू होने से राज्य में आयुर्वेद चिकित्सा, उच्च शिक्षा, शोध और विशेषज्ञ प्रशिक्षण को नई दिशा मिलेगी। साथ ही यह मरीजों के बेहतर इलाज और आयुर्वेद के क्षेत्र में नए विशेषज्ञ तैयार करने का प्रमुख केंद्र बनेगा।
आयुष सेक्टर को मिलेगी नई पहचान
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि कोरोना महामारी के बाद आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है। ऐसे में इस संस्थान के बनने से झारखंड के आयुष सेक्टर को मजबूती मिलेगी। आयुष फार्मेसी और औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिससे राज्य पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सके।
निरीक्षण के दौरान इटकी के अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) समेत स्वास्थ्य और राजस्व विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

