SIR फॉर्म के नाम पर वसूली करने वालों पर प्रशासन का एक्शन, आधार केंद्र सील

धनबाद के वासेपुर में SIR फॉर्म भरने के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत सही मिलने पर प्रशासन ने आधार केंद्र सील कर दिया और सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dhanbad SIR 2026 : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बीच धनबाद प्रशासन ने अवैध वसूली के आरोप में वासेपुर स्थित एक आधार केंद्र पर बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) लोकेश बारंगे ने छापेमारी कर केंद्र को सील कर दिया। आरोप है कि यहां SIR एन्यूमरेशन फॉर्म भरने के बदले लोगों से 50 से 100 रुपये वसूले जा रहे थे।

प्रशासन के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आधार केंद्र को तत्काल सील कर दिया गया। फिलहाल केंद्र संचालक की तलाश की जा रही है।

एसडीएम लोकेश बारंगे ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर पूरे राज्य में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। इसी दौरान सूचना मिली थी कि वासेपुर के एक आधार केंद्र पर फॉर्म भरने के नाम पर लोगों से पैसे लिए जा रहे हैं। शिकायत की पुष्टि होते ही प्रशासन ने कार्रवाई की।

उन्होंने साफ कहा कि चुनावी प्रक्रिया के नाम पर किसी भी तरह की अवैध वसूली या अनधिकृत गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों पर प्रशासन की लगातार नजर है और शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि SIR का फॉर्म स्वयं भरें। यदि किसी को फॉर्म भरने में परेशानी हो तो वह अपने क्षेत्र के बीएलओ, सुपरवाइजर या अधिकृत स्वयंसेवक से निःशुल्क सहायता लें। किसी साइबर कैफे, आधार केंद्र या बिचौलिए को पैसे देकर फॉर्म भरवाने से गलत जानकारी दर्ज होने का खतरा बढ़ सकता है।

एसडीएम ने चेतावनी दी कि मतदाता सूची में गलत जानकारी देने, नाम जोड़ने या हटाने जैसी किसी भी अनियमितता की कोशिश करने वालों के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम (Representation of the People Act) और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।