रांची में जेएनयू प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस भवन पर प्रदर्शन, राहुल और प्रियंका गांधी से मांगा जवाब

रांची में जेएनयू प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस भवन का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मामले पर जवाब मांगा तथा महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाया।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : जेएनयू के प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम से जुड़े यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने रांची में कांग्रेस भवन का जोरदार घेराव किया। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने जिला स्कूल मैदान (शहीद चौक) से जुलूस निकालकर कांग्रेस भवन तक मार्च किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस के दोहरे चरित्र पर उठाए सवाल

प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अक्सर पितृसत्तात्मक व्यवस्था के खिलाफ मुखर रहने का दावा करते हैं और प्रियंका गांधी “लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ” का नारा देती हैं, लेकिन महिलाओं के सम्मान से जुड़े गंभीर मामलों पर कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी उनकी दोहरी नीति को बेनकाब करती है। उन्होंने कहा कि दूसरों को महिला सुरक्षा का पाठ पढ़ाने वाले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को इस मामले पर देश की महिलाओं को जवाब देना चाहिए।

बैरिकेडिंग पर पुलिस से नोक-झोंक

कांग्रेस भवन पहुंचने पर प्रदर्शनकारी महिलाओं ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग को पार करने का प्रयास किया, जिससे पुलिसकर्मियों के साथ उनकी नोक-झोंक भी हुई। इसके बाद महिला कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गईं और घंटों नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में रांची के विधायक सीपी सिंह ने भी शिरकत की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों पर बड़ी-बड़ी बातें करने वाले कांग्रेस नेताओं को इस प्रकरण पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। विरोध प्रदर्शन में आरती सिंह, पायल सोनी, अनीता वर्मा, कुमुद झा, निशि जयसवाल सहित सैकड़ों महिला और पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।