

Ranchi: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (Jharkhand Academic Council) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। एडमिट कार्ड काउंसिल की आधिकारिक वेबसाइट https://jac.jharkhand.gov.in/ पर उपलब्ध हैं। हालांकि, इन्हें केवल संबंधित स्कूल और कॉलेजों के प्रधानाचार्य ही डाउनलोड कर सकते हैं। छात्रों को अपना एडमिट कार्ड अपने-अपने स्कूल से ही प्राप्त करना होगा।





स्कूलों को समय पर वितरण के निर्देश
जैक ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे समय रहते एडमिट कार्ड डाउनलोड कर छात्रों में वितरित करें। इसका उद्देश्य यह है कि परीक्षा के दौरान किसी भी छात्र को परेशानी न हो और परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके।
3 से 17 फरवरी तक होंगी बोर्ड परीक्षाएं
10वीं बोर्ड परीक्षा की शुरुआत 3 फरवरी से होगी और यह 17 फरवरी तक चलेगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित की जाएंगी। छात्रों को प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा, जिससे वे पेपर को अच्छे से समझ सकें।
प्रैक्टिकल और वाइवा की तारीखें तय
बोर्ड परीक्षा के बाद स्कूल स्तर पर 24 फरवरी से 7 मार्च तक प्रैक्टिकल और वाइवा परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसमें छात्रों का आंतरिक मूल्यांकन भी किया जाएगा।
परीक्षा का पैटर्न क्या होगा
इस बार परीक्षा प्रश्न-सह-उत्तरपुस्तिका के माध्यम से होगी। छात्रों को अलग से OMR शीट नहीं दी जाएगी। बहुविकल्पीय प्रश्नों (MCQ) के उत्तर भी उसी उत्तरपुस्तिका में लिखने होंगे।
अंकों का बंटवारा इस तरह होगा
30 प्रतिशत अंक: बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न
50 प्रतिशत अंक: लघु और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न
20 प्रतिशत अंक: आंतरिक मूल्यांकन
परीक्षा की कुल अवधि
कुल समय: 3 घंटे
समय: सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक
ऐसे डाउनलोड किया जाएगा एडमिट कार्ड
1. JAC की वेबसाइट https://jac.jharkhand.gov.in/ पर जाएं।
2. होमपेज पर ‘Download Admit Card Secondary Exam 2026’ लिंक पर क्लिक करें।
3. नया पेज खुलने पर कक्षा 10वीं परीक्षा पोर्टल चुनें।
4. लॉगिन डिटेल्स भरें।
5. स्क्रीन पर एडमिट कार्ड दिख जाएगा।
6. एडमिट कार्ड डाउनलोड कर प्रिंट निकाल लें।
छात्रों के लिए सलाह है कि वे समय पर स्कूल से एडमिट कार्ड लेकर परीक्षा की तैयारी पूरे मन से करें।
