
Jamshedpur AC Blast : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मौनी बाबा मंदिर के पास स्थित एक अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर एसी के आउटर यूनिट में धमाके के बाद भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा कमरा लपटों में घिर गया और अंदर रखा सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
घटना के वक्त फ्लैट नंबर-9 में करीब 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला बबलू बख्शी मौजूद थीं। अचानक हुए धमाके और आग की लपटों के बीच उन्होंने हिम्मत और समझदारी दिखाते हुए तुरंत फ्लैट से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। धुआं और आग देखकर अपार्टमेंट के अन्य निवासी भी घबरा गए और सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में एसी के आउटर यूनिट में तकनीकी खराबी के कारण ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग से लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। बताया जा रहा है कि बबलू बख्शी एक रिटायर्ड कॉलेज कर्मचारी हैं और फ्लैट में अकेली रहती हैं। हादसे के समय वे खाना खाने के बाद आराम कर रही थीं, तभी अचानक यह घटना घटी।

