जमशेदपुर : जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र के पुडियासा गांव के पास बुधवार देर रात सड़क दुर्घटना में 30 वर्षीय नरसिंह सोरेन की मौत हो गई। वह बाइक से अपने गांव तमूरी लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि नरसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर सुंदरनगर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गई। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की खबर मिलते ही उनके परिजन अस्पताल पहुंचे। नरसिंह की मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। नरसिंह टाटा पावर में ठेकेदार के अधीन काम करते थे। उनकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और उनका एक छोटा बच्चा भी है। परिवार के लिए वह कमाने वाले सदस्य थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होने से हादसा हुआ।


