
जमशेदपुर: शहर के सबसे व्यस्त साकची बाजार में दिनदहाड़े हुई मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फल व्यापारी की गद्दी पर काम करने वाले कर्मचारी के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। वीडियो में आरोपी कर्मचारी के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने नजर आते हैं।
जानकारी के अनुसार, मानगो शंकोसाईं निवासी फल व्यवसायी सत्यनारायण केसरी की फल गद्दी पर मोहम्मद फहीम पहुंचा और वहां कार्यरत कर्मचारी माधव चातर के साथ कथित रूप से मारपीट की। अचानक हुई इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घायल कर्मचारी माधव चातर आदिवासी समाज से हैं और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के बाद सत्यनारायण केसरी ने इसकी सूचना पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को दी। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और आरोपी मोहम्मद फहीम को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मामले की जांच जारी है।

