
Ulidih Firing: उलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई स्थित खड़िया बस्ती में हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि नशे के दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में युवक को गोली मारी गई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।

घटना मंगलवार देर रात शंकोसाई रोड नंबर-4 स्थित खड़िया बस्ती में हुई थी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल 21 वर्षीय देवदास गोप उर्फ देव, जो सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर क्षेत्र का रहने वाला है, को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पुलिस के अनुसार, 16 जून की रात करीब 11 बजे एमजीएम थाना को अस्पताल से सूचना मिली कि गोली लगने से घायल एक युवक को भर्ती कराया गया है। शुरुआत में घटना स्थल स्पष्ट नहीं होने के कारण एमजीएम थाना और उलीडीह ओपी पुलिस ने अलग-अलग स्तर पर जांच शुरू की। बाद में सत्यापन के दौरान पता चला कि फायरिंग की घटना उलीडीह क्षेत्र में हुई थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने वाले दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में महत्वपूर्ण खुलासा हुआ कि घटना के समय सभी लोग एक घर में बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा।
जांच में सामने आया कि विवाद बढ़ने पर आरोपी नीरज प्रधान ने अपने पास मौजूद पिस्टल से देवदास गोप पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद आरोपी और उसके साथी घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां से निकलने की तैयारी के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना स्थल की पुष्टि की तथा वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में नीरज प्रधान, देबाशीष प्रधान और शिव गौड़ा शामिल हैं।
पुलिस अब बरामद हथियार के स्रोत और उसके लाइसेंस संबंधी पहलुओं की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है।
इस त्वरित कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी कर ली गई।


