
रांची : सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी व गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिले में संचालित मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, उपलब्धियों और चुनौतियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस, मातृ मृत्यु समीक्षा और प्रसव पूर्व जांच सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

सिविल सर्जन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण, नियमित प्रसव पूर्व जांच, और उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की पहचान कर समय पर इलाज व रेफरल सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही मातृ मृत्यु के कारणों को समझकर भविष्य में उनकी पुनरावृत्ति रोकने, स्वास्थ्य आंकड़ों को समय पर अपडेट करने और ग्रामीण व दूरदराज के क्षेत्रों में VHSND के जरिए बेहतर पोषण व स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना, आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा उपलब्ध कराना और मातृ मृत्यु दर को न्यूनतम स्तर पर लाना है। बैठक में क्षेत्रीय उप निदेशक डॉ. वीरेंद्र कुमार सिंह, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी शेषनाथ बैठा, डॉ. प्रभावती, डॉ. सुजीत कश्यप, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, DPC प्रीति चौधरी, DDM संजय तिवारी सहित कई चिकित्सक और प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक मौजूद रहे।


