

कोडरमा : कोडरमा जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सतगावां थाना क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में 12 साल के एक बच्चे की मौत हो गई। हादसे में करीब 40 से 50 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घटना सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास सुबह करीब चार बजे हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। बताया गया कि सफारी ट्रैवल्स की बस श्रद्धालुओं को लेकर बासुकीनाथ धाम से दर्शन और जलाभिषेक के बाद राजगीर जा रही थी। इसी दौरान पोखरडीहा मोड़ के पास बस की एक अनियंत्रित ट्रक से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बस में सवार नेपाल के रौतहट जिले के 12 वर्षीय शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।




बताया गया कि श्रद्धालुओं ने देवघर और बासुकीनाथ धाम में दर्शन और जलाभिषेक किया था। इसके बाद उनका अगला पड़ाव राजगीर था। इसी यात्रा के दौरान कोडरमा के सतगावां इलाके में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

