
बाघमारा: जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में डीसी के निर्देश के बाद प्रशासन ने जामुनिया नदी में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की। माटीगढ़ा के पास थाना प्रभारी बाघमारा, अंचल अधिकारी बाघमारा, CISF और BCCL की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर नदी में किए गए अवैध खनन के मुहानों की भराई कराई।कार्रवाई के दौरान नदी में डाले गए O.B. (ओवरबर्डन) को भी हटाया गया। O.B. के कारण बदली गई नदी की धारा अब दोबारा अपने मूल स्वरूप यानी प्राकृतिक रास्ते से बहने लगी है।
जामुनिया नदी के अस्तित्व पर मंडरा रहे खतरे को लेकर खबरें लगातार आ रही थीं। खबरों के बाद जमशेदपुर के विधायक सरयू राय ने भी मामले का संज्ञान लिया था।स्थानीय लोगों का कहना है कि जामुनिया नदी का “चीर हरण” रोकने के लिए उठाया गया यह कदम नदी और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अब देखना होगा कि प्रशासन अवैध खनन पर आगे भी कितनी सख्ती बनाए रखता है।

