जापान के उत्तर-मध्य हिस्से में भारी बारिश और बाढ़ से लोग और वाहन फंसे

जापान के इशिकावा और तोयामा में मूसलाधार बारिश से बाढ़ और भूस्खलन, 3.80 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह, राहत अभियान जारी है।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

तोक्यो: जापान के उत्तर-मध्य क्षेत्र के इशिकावा और तोयामा प्रांतों में बृहस्पतिवार को मूसलाधार बारिश हुई, जिससे बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो गई। इसके कारण कई सड़कें बंद हो गईं और बाढ़ के पानी के कारण लोग घरों और वाहनों में फंस गए। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने इशिकावा और तोयामा प्रांतों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की ‘लेवल-5’ चेतावनी जारी की। एजेंसी ने प्रभावित इलाकों के लोगों से संभावित बाढ़ और भूस्खलन से बचाव के लिए एहतियाती कदम उठाने की अपील की।बृहस्पतिवार को बारिश कम हो गई और मौसम विज्ञान एजेंसी ने भारी बारिश की चेतावनी को घटाकर मध्यम स्तर की कर दिया। हालांकि, एजेंसी ने लोगों को आगाह किया कि शुक्रवार सुबह तक और बारिश होने के साथ-साथ भूस्खलन की आशंका बनी हुई है।

मौसम विज्ञान एजेंसी ने शुक्रवार सुबह तक कागा और नोटो इलाकों में 20 सेंटीमीटर (7.8 इंच) तक बारिश होने का अनुमान जताया है। दोनों प्रांतों के प्रशासन ने 3.80 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है। जापान के सार्वजनिक प्रसारक एनएचके पर दिखाए गए दृश्यों में तोयामा प्रांत के हिमी शहर में फंसे कई लोगों को राहतकर्मियों द्वारा रबर की नाव से सुरक्षित निकालते हुए दिखाया गया। राहतकर्मी घुटनों तक भरे बाढ़ के पानी में उतरकर लोगों के पास पहुंचे। बाढ़ से जलमग्न सड़कों पर बंद पड़े कई वाहनों को वहीं छोड़ दिया गया। पड़ोसी इशिकावा प्रांत तोयामा के पश्चिम में स्थित है, वहां बाढ़ के कारण तीन नगरपालिकाओं के 270 घरों का संपर्क बाकी इलाकों से कट गया। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि फंसे हुए लोगों में से किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

इशिकावा में भारी बारिश के कारण भूस्खलन भी हुए और कई सड़कें बंद हो गईं। मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरू किहारा ने बताया कि दोनों प्रांतों में कई नदियां उफान पर आ गईं, जिससे कई घरों में बाढ़ का पानी घुस गया। हालांकि, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। होकुरिकु इलेक्ट्रिक पावर कंपनी के अनुसार, खराब मौसम के कारण तोयामा और इशिकावा में 1,000 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। तोक्यो के पूर्व में स्थित चिबा प्रांत में इस महीने की शुरुआत में हुई भारी बारिश और व्यापक बाढ़ के कारण 13 लोगों की मौत हो गई थी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।