

कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को बड़ा विमान हादसा हो गया। गंगा बैराज के पास नत्थूपुरवा गांव के समीप एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार इंस्ट्रक्टर पायलट और ट्रेनी पायलट, दोनों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, यह चार सीटों वाला ट्विन-इंजन ट्रेनिंग विमान था, जिसका संचालन गर्ग एविएशन कर रहा था। विमान ने ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरी थी और करीब 20 मिनट बाद गंगा बैराज के पास हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।





मृतकों की पहचान इंस्ट्रक्टर पायलट सचिन भाटिया और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी के रूप में हुई है। पुलिस और राहत-बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। हादसे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। विमानन अधिकारियों ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की ओर से की जाएगी।
