रांची: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद (जेसीईसीईबी) द्वारा नीट-यूजी 2026 के आधार पर एमबीबीएस, बीडीएस और बीएचएमएस में नामांकन के लिए स्टेट मेडिकल काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि, पिछले चार दिनों से जेसीईसीईबी की आधिकारिक वेबसाइट में आई तकनीकी खराबी (सर्वर की समस्या) के कारण काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी तरह थम गई है। छात्र-छात्राएं वेबसाइट पर काउंसलिंग लिंक और पेज न खुलने के कारण चॉइस फिलिंग नहीं कर पा रहे हैं।

3227 अभ्यर्थियों की स्टेट मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद शनिवार से चॉइस फिलिंग शुरू होनी थी, जिसकी पूर्व निर्धारित अंतिम तिथि 19 अगस्त थी। लेकिन इस तकनीकी समस्या के कारण छात्रों में समय सीमा समाप्त होने का डर बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जेसीईसीईबी की ओर से तकनीकी खराबी को जल्द ठीक करने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही, अभ्यर्थियों की सुविधा और राहत के लिए पहले राउंड की स्टेट मेडिकल काउंसलिंग हेतु चॉइस फिलिंग की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। पूर्व में जारी शेड्यूल के अनुसार चॉइस फिलिंग में संशोधन 20 अगस्त को और सीट आवंटन व प्रोविजनल अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड करने की अवधि 22 से 28 अगस्त तक तय थी, जिसमें अब विस्तार किया जाएगा।


