
JET Exam Jharkhand: झारखंड में आयोजित JET (झारखंड पात्रता परीक्षा) के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं को लेकर सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस पूरे मामले को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक बताया है।
उन्होंने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित इस परीक्षा में गंभीर लापरवाही सामने आई है। बोकारो और रांची के एक-एक परीक्षा केंद्र पर प्रश्न पत्र ही नहीं पहुँच पाया, जिसके कारण शिक्षा और उड़िया विषय की परीक्षा रद्द करनी पड़ी। इस घटना ने राज्य की परीक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
आदित्य साहू ने तीखे सवाल उठाते हुए कहा, “आखिर युवाओं के भविष्य के साथ यह खिलवाड़ कब तक चलता रहेगा?” उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में प्रतियोगी परीक्षाएं लगातार विवादों में रही हैं- कभी पेपर लीक, तो कभी कुप्रबंधन।
उन्होंने कहा कि हजारों अभ्यर्थी कड़ी मेहनत और उम्मीद के साथ परीक्षा केंद्र तक पहुँचते हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं उनके सपनों को तोड़ देती हैं। यह सीधे-सीधे युवाओं के साथ अन्याय है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि वह अपनी जिम्मेदारियों से नहीं बच सकती। उन्होंने मांग की कि इस मामले में जवाबदेही तय हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

