
Jharkhand Government: झारखंड सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वरिष्ठ IAS अधिकारी अविनाश कुमार को कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग का अतिरिक्त अस्थायी प्रभार सौंपा है। इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।
सरकारी आदेश के मुताबिक विभाग के सचिव प्रवीण कुमार टोप्पो 2 जून से 16 जून 2026 तक अवकाश पर रहेंगे। उनकी अनुपस्थिति में विभागीय कार्यों के निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने यह व्यवस्था की है।
वर्तमान में 1993 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी अविनाश कुमार मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव के अतिरिक्त प्रभार के साथ नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन में मुख्य स्थानिक आयुक्त की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। अब उन्हें कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
अधिसूचना के अनुसार, प्रवीण कुमार टोप्पो के अवकाश से लौटकर कार्यभार ग्रहण करने तक अविनाश कुमार इस विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थायी है और अवकाश अवधि तक ही प्रभावी रहेगी।

