
रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 3 जून को रांची प्रेस क्लब में प्रवक्ताओं, मीडिया पैनलिस्टों और मीडिया रिसर्च टीम के सदस्यों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। राकेश सिन्हा ने बताया कि शिविर का उद्देश्य पार्टी के मीडिया प्रतिनिधियों को कांग्रेस की विचारधारा, नीतियों, संगठनात्मक दृष्टिकोण और समसामयिक राजनीतिक मुद्दों की बेहतर समझ प्रदान करना है। साथ ही उन्हें जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में मीडिया और जनसंचार की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। ऐसे में पार्टी के प्रवक्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए तथ्यों, आंकड़ों और नीतिगत विषयों की गहरी जानकारी होना बेहद जरूरी है, ताकि वे विभिन्न मंचों पर कांग्रेस का पक्ष मजबूती और प्रभावशाली तरीके से रख सकें। इसी सोच के तहत इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह, डॉ. रामेश्वर उरांव सहित कई वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। इस दौरान कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन में पार्टी की भूमिका, संविधान निर्माण में योगदान तथा देश के विकास और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने में कांग्रेस की ऐतिहासिक उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा प्रतिभागियों को मीडिया प्रबंधन, प्रेस कॉन्फ्रेंस की तैयारी, प्रेस विज्ञप्ति लेखन, टीवी डिबेट में प्रभावी प्रस्तुति, डिजिटल मीडिया के बेहतर उपयोग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जिम्मेदार एवं तथ्य आधारित संवाद स्थापित करने के बारे में विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में यह भी बताया जाएगा कि भ्रामक सूचनाओं और दुष्प्रचार का जवाब तथ्यों और संयमित तरीके से किस प्रकार दिया जाए, ताकि जनता के बीच सही जानकारी पहुंचाई जा सके।
प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि पार्टी का प्रत्येक प्रवक्ता केवल संगठन का प्रतिनिधि नहीं होता, बल्कि वह कांग्रेस की विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता की आकांक्षाओं का भी प्रतिनिधित्व करता है। यही वजह है कि प्रवक्ताओं के प्रशिक्षण को संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि पार्टी संवाद, लोकतंत्र और जनभागीदारी की राजनीति में विश्वास रखती है। इसी कारण समय-समय पर कार्यकर्ताओं और प्रवक्ताओं की क्षमता बढ़ाने के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
पार्टी को उम्मीद है कि इस एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर से प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्टों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही वे आने वाले दिनों में जनता की आवाज और कांग्रेस की नीतियों को अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

