
रांची : रांची समाहरणालय स्थित एसडीओ कार्यालय के कमरा नंबर 201 में मंगलवार को उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब अनुमंडल कार्यालय सदर में कार्यरत एक सरकारी कर्मचारी ने कुछ अधिवक्ताओं पर मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। मामले को लेकर कर्मचारी ने अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
रामगढ़ अनुमंडल कार्यालय सदर में कार्यरत कर्मचारी महेंद्र कुमार दास ने अपने आवेदन में बताया कि वे जाति प्रमाण पत्र से संबंधित कार्यों का निष्पादन करते हैं। उनके अनुसार 1 मई को मोनालिसा नाम की एक अधिवक्ता कार्यालय पहुंचीं। आवेदन से जुड़े आवश्यक मूल दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने जरूरी कागजात जमा करने का अनुरोध किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर अधिवक्ता नाराज हो गईं और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की।
महेंद्र कुमार दास ने आगे आरोप लगाया कि 2 मई को करीब 12:30 बजे मोनालिसा 5-6 अन्य अधिवक्ताओं के साथ कार्यालय पहुंचीं। इस दौरान गाली-गलौज, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना की रिकॉर्डिंग सीसीटीवी और मोबाइल में सुरक्षित है। कर्मचारी ने यह भी कहा कि वे अनुसूचित जाति समुदाय से हैं और उनके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। उन्होंने मोनालिसा, राजेश समेत अन्य अधिवक्ताओं के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर कार्यालय कर्मियों में भी नाराजगी देखी जा रही है। समाचार लिखे जाने तक आरोपित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

