अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत पुनर्विकसित पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन, जानें क्या मिलेगी सुविधाएं

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन हुआ। यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर सुरक्षा, दिव्यांग अनुकूल व्यवस्था और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव मिलेगा।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: प्रधानमंत्री ने ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत रांची रेल मंडल के पुनर्विकसित पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। 17 जुलाई को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के 75 अमृत स्टेशनों के साथ इन दोनों स्टेशनों को जनता को समर्पित किया।

इस ऐतिहासिक अवसर पर दोनों ही रेलवे स्टेशनों पर गरिमामयी और भव्य समारोहों का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में स्थानीय नागरिक, स्कूली बच्चे और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

पिस्का रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उनके साथ राज्य के परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक नवीन जायसवाल और दक्षिण पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

वहीं, मुरी रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह का नेतृत्व राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार वर्मा, सिल्ली के विधायक अमित कुमार और अपर मंडल रेल प्रबंधक हेमराज मीना की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इन दोनों रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है। दोनों स्टेशनों के नए भवनों का अग्रभाग (फसाड) बेहद आकर्षक है, जिसमें स्थानीय कला, संस्कृति और समृद्ध विरासत की शानदार झलक दिखाई देती है।

यात्रियों की सुविधा के लिए भव्य प्रवेश द्वार, उन्नत प्लेटफॉर्म, आधुनिक शौचालय, सीसीटीवी कैमरे, अत्याधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, रेट्रो-रिफ्लेक्टिव लाइटिंग और स्वच्छ पेयजल की उत्तम व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, मुरी स्टेशन पर एक प्रीमियम एग्जीक्यूटिव लाउंज और पृथक प्रतीक्षालयों का भी निर्माण किया गया है।

‘सुगम्य भारत अभियान’ के तहत दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए दोनों स्टेशनों पर लिफ्ट, रैंप, टैक्टाइल पाथ, कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर और आरक्षित पार्किंग जैसी बाधा-मुक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। रेलवे के अनुसार, यह आधुनिकीकरण न सिर्फ यात्रियों का सफर सुगम बनाएगा, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापार, स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन को भी एक नई दिशा प्रदान करेगा।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।