


सूचना मिलते ही रांची पुलिस ने बिना देर किए शहर में एंटी क्राइम चेकिंग शुरू कर दी। अलग-अलग इलाकों में वाहनों की जांच तेज कर दी गई और पुलिस की कई टीमें सक्रिय हो गईं।





एमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर क्या हुआ?
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर को सूचना मिली कि एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के सामने कुछ लोग काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे थे। आरोप है कि इन लोगों ने चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ के साथ मारपीट की और इसके बाद उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर वहां से ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और शहर में सघन वाहन जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने कुछ ही देर में सौरभ को ढूंढ़ निकाला
रांची पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही शहर के अलग-अलग स्थानों पर एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की गई। स्थानीय विधानसभा थाना की पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद विधायक के बेटे सौरभ को कुछ ही समय में सकुशल बरामद कर लिया गया।
अब आगे क्या होगी कार्रवाई?
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। घटना के पीछे कौन लोग थे, सौरभ को किस वजह से गाड़ी में ले जाया गया और मारपीट की वास्तविक वजह क्या थी, इन बिंदुओं पर पुलिस की जांच जारी है।
फिलहाल विधायक के बेटे के सकुशल बरामद होने के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
