लखनऊ में अपहरण कर हत्या के मामले में 50 हजार रुपये का इनामी आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ में अपहरण और हत्या के मामले में यूपी एसटीएफ ने 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी जय किशन शर्मा को गिरफ्तार किया, पूछताछ में साजिश के अहम राज खुले।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के अपहरण और हत्या के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एसटीएफ की ओर से जारी बयान के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाराबंकी जिले के मूल निवासी और वर्तमान में सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में रहने वाले जय किशन शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक अंगूठी, 7,300 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को लखनऊ में धीरेंद्र प्रताप सिंह का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। एसटीएफ ने आरोपी जय किशन शर्मा को सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-10 चौराहे के पास सड़क किनारे से गिरफ्तार किया।

एसटीएफ के मुताबिक, पूछताछ में जय किशन ने बताया कि धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या की योजना करीब एक महीने पहले उसके बड़े भाई रवि किशन शर्मा ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर बनाई थी। उसने बताया कि इस योजना की जानकारी उसे और उसकी भाभी पूजा को भी थी। प्लॉट और मकान के लालच में वे भी इस साजिश में शामिल हो गए थे।

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 29 अगस्त को उसने अपने बड़े भाई और उसके एक मित्र द्वारा भेजे गए शूटर के साथ मिलकर धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद उसके भाई ने उसे कुछ पैसे और धीरेंद्र की कीमती अंगूठी देकर फरार होने को कहा था।

जय किशन ने बताया कि घटना के बाद उसने और उसकी भाभी ने धीरेंद्र का मोबाइल फोन ट्रेन में फेंक दिया था। इसके बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लखनऊ में छिपकर रह रहा था।

एसटीएफ ने गिरफ्तार आरोपी को सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जहां उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।