रांची: झारखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।
रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने इस अभियान की औपचारिक घोषणा करते हुए पूरे कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की।
आदित्य साहू ने बताया कि 17 सितंबर को पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे राज्य के हर घर के दरवाजे और मंदिरों में उनकी लंबी आयु व उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक सांगठनिक मंडल के एक-एक गांव को विशेष रूप से सजाकर दीपों से रोशन करने की योजना है।
उसी दिन भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत चित्र सेवा, सेवा स्मरण, आंगन मिलन, सेवा ज्योति यात्रा, हैकाथन और ’25 साल 25 कहानियां’ जैसे कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। ’25 साल 25 कहानियां’ के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता पीएम मोदी के सामाजिक और राजनीतिक जीवन के 25 वर्षों के सेवा कार्यों पर प्रकाश डालेंगे।
प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने बिना थके और बिना रुके पिछले 25 वर्षों से जनता की सेवा की है।
उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के समय आए भयावह भूकंप से राज्य को उबारने से लेकर 2014 के बाद देश के विकास तक, पीएम मोदी ने हर चुनौती को अवसर में बदला है। उनके कार्यकाल में 81 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से गरीबों का कल्याण हुआ है।
वहीं देश से आतंकवाद खत्म हुआ है और जम्मू-कश्मीर में शांति व सुरक्षा का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पीएम मोदी के विजन के अनुरूप वर्ष 2047 तक भारत को एक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराना और उसे धरातल पर उतारना है। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह और मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।

