रांची: झारखंड सरकार ने दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के पास रहे विभागों के नए प्रभार को लेकर औपचारिक फैसला कर लिया है। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार अब उनके सभी विभाग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन संभालेंगे। मंत्रिमंडल समन्वय विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में बताया गया है कि उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग तथा कला, संस्कृति, खेलकूद एवं पर्यटन विभाग का प्रभार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सौंप दिया गया है।
गौरतलब है कि सुदिव्य कुमार सोनू का 6 सितंबर को निधन हो गया था। उनके निधन के बाद इन विभागों के नए आवंटन को लेकर चर्चा चल रही थी। अब सरकार ने इस संबंध में औपचारिक प्रक्रिया पूरी करते हुए विभागों का जिम्मा मुख्यमंत्री को सौंप दिया है। इससे पहले पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के पास रहे विभागों का प्रभार भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ही संभाल रहे हैं। ऐसे में फिलहाल दोनों पूर्व मंत्रियों के विभाग मुख्यमंत्री के पास हैं और उनकी जिम्मेदारी सीधे हेमंत सोरेन के कंधों पर है। सरकार की इस व्यवस्था के बाद मुख्यमंत्री के पास अब कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी आ गई है, जिनमें शिक्षा, शहरी विकास, आवास, कला, संस्कृति, खेलकूद और पर्यटन जैसे अहम क्षेत्र शामिल हैं।


