झारखंड कांग्रेस ने की चाईबासा ब्लास्ट में शहीद जवानों को पूरा राजकीय सम्मान दिए जाने की मांग

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड कांग्रेस ने चाईबासा के लान्जी पहाड़ के निकट सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट में झारखंड जगुआर के तीन जवानों की शहादत पर गहरी संवेदना प्रकट की है।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे और लाल किशोर नाथ शाहदेव ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने शहीद जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी एवं कांग्रेस भवन में दो मिनट का मौन रखकर शहीद जवानों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना किया।

विस्फोट में गंभीर रूप से घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना ईश्वर से किया है।

प्रवक्ताओं ने राज्य सरकार से शहीद जवानों को पूरा राजकीय सम्मान दिए जाने की मांग की है एवं घायलों को बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

प्रवक्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव से भी इस संदर्भ में बात की है एवं मृतक जवानों को सभी सुविधाएं मुहैया कराने का अनुरोध किया है।

घायलों को सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह स्वंय भी पुलिस अधिकारी रहे हैं।

ऐसी घटनाओं से पुलिस का मनोबल टूटता नहीं है, बल्कि दुगूने उत्साह से पुलिस मुकाबला करती है।

उन्होंने पूरी तरह से आश्वस्त किया है कि झारखंड सरकार जवानों के साथ खड़ी है और उनका मनोबल किसी भी कीमत पर गिरने नहीं दिया जाएगा।

प्रवक्ताओं ने पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा के नेतृत्व में अपनी जान की परवाह किए बगैर प्रदेश की सुरक्षा में लगे जवानों के जज्बे को सलाम किया है एवं कहा है पुलिस की दबिश की वजह से नक्सली और उग्रवादियों का मनोबल गिरता जा रहा है।

नक्सली घटनाओं में लगभग पूरी तरह से कमी आई है। आज की घटना से पुलिस के जवानों को घबड़ाने की जरुरत नहीं है,पूरा राज्य उनके साथ खड़ा है।

Share This Article