
रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने ईंधन बचत और संसाधनों के बेहतर उपयोग को लेकर बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने अपने कारकेड में वाहनों की संख्या घटाकर सिर्फ 4 गाड़ियां रखने का फैसला किया है। राज्यपाल ने इस फैसले की जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण इस्तेमाल को ध्यान में रखते हुए लोक भवन, झारखंड में यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि अनावश्यक वाहनों के इस्तेमाल से बचना समय की जरूरत है। साथ ही उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों से भी अपील की कि वे जरूरत से ज्यादा वाहनों का उपयोग न करें और ईंधन संरक्षण के इस अभियान में अपनी भागीदारी निभाएं। राज्यपाल ने कहा कि ऊर्जा बचत सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह जन-जागरूकता से जुड़ा एक बड़ा अभियान है, जिसमें हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।

