

रांची : रांची स्थित नेपाल हाउस में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग और रॉडिक कंपनी के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू हुआ, जिसका उद्देश्य झारखंड के सभी जिला सदर अस्पतालों को डिजिटल सेवाओं से जोड़कर एक हाईटेक और पारदर्शी व्यवस्था तैयार करना है। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि राज्य सरकार अस्पतालों की कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक का अधिकतम इस्तेमाल सुनिश्चित कर रही है ताकि मरीजों और उनके परिजनों को डॉक्टरों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की पूरी जानकारी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिल सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि सदर अस्पतालों को सिर्फ इलाज का जरिया नहीं, बल्कि आधुनिक डिजिटल हेल्थ सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां लोगों को अलग-अलग काउंटरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी और उनका समय भी बचेगा।





इस डिजिटल सूचना प्रणाली के लागू होने से न केवल आम जनता को सुविधाएं आसानी से सुलभ होंगी, बल्कि अस्पताल प्रबंधन की जवाबदेही और निगरानी व्यवस्था भी काफी मजबूत होगी। कार्यक्रम में मौजूद स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने इस पहल को समय की मांग बताते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक के समावेश से सेवाओं को डेटा-आधारित और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। इस एमओयू के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के प्रबंध निदेशक शशि प्रकाश झा समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
