तोरपा : अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और राज्य का मान बढ़ाने वाली तोरपा प्रखंड के सुंदारी सोसोटोली गांव की होनहार हॉकी खिलाड़ी नीलम तोपनो का परिवार आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। हाल ही में जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर नीलम ने देश का नाम रोशन किया था, लेकिन विडंबना यह है कि इस अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के घर में आज तक शौचालय तक नहीं बन सका है।

नीलम का परिवार दो कमरों के कच्चे मकान में रहता है, जिसमें माता-पिता और चार भाई-बहन समेत कुल छह सदस्य रहते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद परिवार को अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। शौचालय न होने के कारण परिवार के सदस्यों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। इसके अलावा, पीने के पानी के लिए परिवार कुएं के पानी पर निर्भर है। गांव की स्थिति भी बदतर है; सुंदारी सोसोटोली गांव को जोड़ने के लिए पक्की सड़क नहीं बनी है, जिससे बारिश के दिनों में गांव का संपर्क टूट जाता है और ग्रामीणों का आवागमन बेहद कठिन हो जाता है।
मिट्टी के मैदान से शुरू हुआ हॉकी का सफर
नीलम ने अपने गांव के साधारण मिट्टी के मैदान से हॉकी खेलना शुरू किया था। उन्हें छठी कक्षा में गांव के ही हेलेन किरण सर ने हॉकी के गुर सिखाए। अपनी कड़ी मेहनत के बल पर नीलम दो बार विदेश में खेलकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। नीलम बेहद साधारण किसान परिवार से आती हैं; उनके पिता मसकलन तोपनो छोटे किसान हैं और माता अरसल्यानी तोपनो गृहिणी हैं। वर्तमान में नीलम बरियातू हॉकी सेंटर में रहकर कोच करुणा पूर्ति की देखरेख में अभ्यास कर रही हैं।
मामला सामने आने के बाद तोरपा के बीडीओ नवीन चन्द्र झा ने कहा है कि हॉकी खिलाड़ी नीलम के घर में जल्द ही शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए जरूरी प्रक्रिया शुरू की जाएगी और सोसोटोली गांव तक सड़क निर्माण के लिए योजना बनाकर प्रस्ताव भेजा जाएगा ताकि ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके।


