रांची : झारखंड कैडर के तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की इच्छा जताई है। इनमें राहुल पुरवार, रमेश घोलप और अजय कुमार सिंह के नाम शामिल हैं। कार्मिक विभाग की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, तीनों अधिकारियों ने बाह्य सेवा में जाने के लिए राज्य सरकार को अपना औपचारिक आवेदन सौंप दिया है। राज्य स्तर पर आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब आगे की कार्रवाई केंद्र सरकार के स्तर पर होगी। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए संबंधित केंद्रीय उपक्रमों या संस्थानों की ओर से इन अधिकारियों का इंटरव्यू लिया जाएगा। इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी होने और संबंधित संस्थान की सहमति मिलने के बाद ही अंतिम चयन और पदस्थापन पर फैसला होगा। यानी फिलहाल तीनों अधिकारियों की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति तय नहीं हुई है और यह पूरी प्रक्रिया इंटरव्यू तथा केंद्र सरकार के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगी।



