रूपी सोरेन के स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव जारी, डॉक्टरों की टीम अलर्ट मोड पर

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत फिर बिगड़ी। ब्रेन और किडनी संबंधी समस्याओं के बीच विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम निगरानी कर रही है, एयरलिफ्ट की योजना फिलहाल टली।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन के स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव जारी है। मंगलवार को अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ने के बाद इलाज कर रहे डॉक्टरों की टीम को तुरंत अलर्ट मोड पर रखा गया है। शहर के अन्य वरिष्ठ चिकित्सकों से भी इस संबंध में परामर्श लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, सोमवार को रूपी सोरेन के स्वास्थ्य में कुछ सुधार देखा गया था, लेकिन मंगलवार को उनकी स्थिति अचानक फिर नासाज हो गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उन्हें ब्रेन और किडनी से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं हो रही हैं, जिसे लेकर विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक समर्पित टीम उनकी कड़ी निगरानी कर रही है।

तबीयत ज्यादा खराब होने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से स्थिति की जानकारी ली और गहन विचार-विमर्श किया। वे देर शाम तक अस्पताल में ही मौजूद रहे। मंगलवार शाम को रूपी सोरेन को बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद एयरलिफ्ट करने की भी योजना बनाई जा रही थी, लेकिन बाद में डॉक्टरों की सलाह पर इस निर्णय को फिलहाल स्थगित कर दिया गया। वर्तमान में वे बरियातू स्थित हिल व्यू हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती हैं। इससे पहले बीते शुक्रवार को घर पर सांस लेने में दिक्कत होने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए इस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।