
रांची: झारखंड के विभिन्न जेलों में संविदा के आधार पर कक्षपालों की नियुक्ति की जाएगी। इसको लेकर गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने आवेदन आमंत्रित किए हैं। भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 157 पदों को भरा जाएगा। इनमें 149 पद पुरुष कक्षपाल और 8 पद महिला कक्षपाल के लिए निर्धारित हैं। इन पदों पर नियुक्ति के लिए 15 जुलाई को जमशेदपुर के घाघीडीह स्थित केंद्रीय कारा में वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। इंटरव्यू सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ उनकी सेल्फ-अटेस्टेड फोटोकॉपी लेकर इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं।
भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 1 जून 2026 तक 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रपत्र आधिकारिक वेबसाइट www.jharkhand.gov.in से डाउनलोड किए जा सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती राज्य के विभिन्न जेलों में की जाएगी। इनमें केंद्रीय कारा घाघीडीह में 96 पद, मंडल कारा चाईबासा में 14 पद, मंडल कारा सरायकेला में 32 पद, मंडल कारा साकची में 4 पद और उपकारा घाटशिला में 11 पद शामिल हैं।
कक्षपालों की नियुक्ति एक वर्ष के लिए कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर होगी। चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह 20,000 रुपये का एकमुश्त मानदेय दिया जाएगा। साथ ही, प्रत्येक वर्ष की सेवा पूरी होने पर मानदेय में 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी भी की जाएगी। इस भर्ती के माध्यम से राज्य के विभिन्न जेलों में आवश्यक मानव संसाधन की पूर्ति की जाएगी, जिससे जेल प्रशासन के कार्यों को और अधिक सुचारू रूप से संचालित किया जा सकेगा।

