
Jharkhand Weather : झारखंड में मानसून के आगमन से पहले मौसम ने करवट ले ली है। एक ओर बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है, वहीं दूसरी ओर तेज आंधी, वज्रपात और भारी वर्षा लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। मौसम विभाग ने राज्य में 10 जून के आसपास मानसून के प्रवेश की संभावना जताई है, जबकि 10 से 15 जून के बीच इसके पूरे राज्य में सक्रिय होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल ‘काल वैशाखी’ का प्रभाव झारखंड समेत देश के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है। इसके चलते राज्य के विभिन्न जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी है। कई क्षेत्रों से पेड़ उखड़ने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबरें भी सामने आई हैं।
रविवार को रांची, साहेबगंज, दुमका, हजारीबाग, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, सरायकेला-खरसावां, पलामू तथा पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, वज्रपात और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
राजधानी रांची में दिन का अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि सुबह बादल छाए रह सकते हैं, दोपहर में उमस और गर्मी महसूस होगी, जबकि शाम और रात के समय आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से वज्रपात, तेज हवाओं और पेड़ गिरने की संभावित घटनाओं को देखते हुए खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।

