
Saharsa News : सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के काशनगर मुख्य बाजार स्थित एक निजी आवासीय विद्यालय के हॉस्टल से तीन छात्र रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। घटना के 72 घंटे बीत जाने के बाद भी बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका है, जिससे परिजनों में गहरी चिंता और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 4 जून की अहले सुबह 12 से 14 वर्ष आयु के तीन छात्र हॉस्टल से अचानक गायब हो गए। लापता छात्रों में फतेहपुर निवासी विजय यादव के पुत्र आदित्य कुमार, मंगनवा निवासी राकेश मुखिया के पुत्र शिवम कुमार और बसनही थाना क्षेत्र के मंगवार गांव निवासी उमेश मंडल के पुत्र नीरज कुमार शामिल हैं। ये सभी छात्र पिछले तीन वर्षों से काशनगर स्थित कैरियर मेकर आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत थे।
घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और परिजनों ने अपने स्तर पर बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बाद में आसपास के दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में तीनों छात्र एक साथ जाते हुए दिखाई दिए। इसके आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए सिमरी बख्तियारपुर और सहरसा रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू किए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विद्यालय परिसर पहुंचकर पूछताछ और छानबीन की है। वहीं विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हॉस्टल में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी का अभाव है।
इधर, विद्यालय प्रबंधन और पुलिस के बयानों में भी विरोधाभास सामने आया है, जिससे मामला और उलझ गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और बच्चों की तलाश जारी है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द बच्चों को सुरक्षित बरामद करने की अपील की है।

