मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन फटने से बड़ा हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही इलाके में नाला निर्माण के लिए सड़क की खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान जमीन के नीचे बिछी पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन से तेज दबाव में गैस निकलने लगी और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग की ऊंची लपटों ने आसपास के इलाके में दहशत फैला दी।

हादसे में कई घरों और वाहनों को नुकसान पहुंचने की खबर है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 5 लोगों की मौत और चार से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, एक थार गाड़ी में सवार दो लोगों की मौत की खबर भी सामने आ रही है। हालांकि, हताहतों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने में जुट गईं।

नाला निर्माण के दौरान फटी गैस पाइपलाइन
जानकारी के अनुसार, गोबरसही इलाके में सड़क किनारे नाला निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी या खुदाई के दूसरे उपकरणों से जमीन खोदी जा रही थी। तभी नीचे से गुजर रही पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटते ही गैस का रिसाव शुरू हो गया। तेज दबाव के साथ गैस बाहर निकलने लगी, जिससे कुछ ही देर में हालात बिगड़ गए।
गैस रिसाव के बाद लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरातफरी
गैस का रिसाव जारी रहने के बीच अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें काफी ऊंची उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में कुछ समय तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
कई घरों को नुकसान, हताहतों की संख्या पर स्थिति साफ नहीं
इस हादसे में आसपास के कई घरों को नुकसान पहुंचने की सूचना है। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि चार से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। हादसे के दौरान सड़क से गुजर रही एक थार गाड़ी भी आग की चपेट में आ गई। आग से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि गाड़ी में दो लोग सवार थे, जिनकी झुलसने से मौत होने की सूचना है। गाड़ी पर वैशाली जिले का रजिस्ट्रेशन नंबर था और उस पर जेडीयू का झंडा लगा होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, वाहन के मालिक और उसमें सवार लोगों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।


