
रांची : मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। पुलिस मुख्यालय के मुताबिक राज्यभर में 10 हजार से अधिक पुलिस जवान, 6 हजार से ज्यादा होमगार्ड और केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों (RAP/RAF सहित) की सात कंपनियां तैनात की जाएंगी। पर्व के दौरान सभी जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। खासकर संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए जाएंगे।
मुहर्रम के जुलूस और अखाड़ों की गतिविधियों पर ड्रोन और वीडियो कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी, ताकि किसी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी को समय रहते रोका जा सके। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को शांति समिति की बैठकें करने और लोगों के बीच आपसी भाईचारा बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय ने लोगों से अपील की है कि वे शांति और सद्भाव बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना प्रशासन को दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

