
रामगढ़: जिले के सिरका खुली खदान में रविवार शाम अचानक जमीन के नीचे से भारी मात्रा में पानी निकलने लगा। पानी का बहाव इतना तेज था कि मानो धरती के गर्भ से जलधारा फूट पड़ी हो। देखते ही देखते पूरा इलाका जलमग्न हो गया। राहत की बात यह रही कि रविवार होने के कारण खदान में काम बंद था। कुछ गाड़ियां और मशीनें खदान से पहले ही सुरक्षित स्थान पर निकाल ली थी। घटना के बाद खदान क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अधिकारी पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
पानी निकलने की सूचना मिलते ही खदान की सुरक्षा में तैनात कर्मी और अधिकारी सक्रिय हो गए. खदान के भीतर पानी निकासी के लिए लगाए गए मोटर और अन्य उपकरणों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया। अधिकारियों के निर्देश पर पूरे क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी का बहाव इतना तेज था कि कुछ ही मिनटों में खदान का बड़ा हिस्सा जलमग्न होने लगा। अचानक हुई इस घटना को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सिरका परियोजना के पदाधिकारी एएन सिंह ने बताया कि रविवार शाम सिरका परियोजना की खुली खदान में अचानक भारी मात्रा में पानी प्रवेश कर गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि खनन कार्य के दौरान पुरानी बंद भूमिगत खदान की गैलरी प्रभावित होने से वहां जमा पानी ओपन कास्ट खदान में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा मानकों के तहत खदान में कार्यरत सभी मजदूरों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उत्पादन कार्य में लगी मशीनों और वाहनों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।
परियोजना पदाधिकारी ने कहा कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल खदान में कोयला उत्पादन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। पानी निकालने के लिए पंपिंग कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया है. स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जल निकासी पूरी होने और सुरक्षा जांच के बाद ही खनन एवं उत्पादन कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा। एएन सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता मजदूरों की सुरक्षा और खदान को जल्द सामान्य स्थिति में लाना है।

