
Jharkhand News: डालटनगंज-पांकी मुख्य पथ पर लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बसौरा में शनिवार सुबह एक दिल दहलाने वाला हादसा हुआ। इंजीनियरिंग कॉलेज के पास दो बाइकों की जोरदार टक्कर में 6 साल की अंजनी कुमारी की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद अंजनी सड़क पर गिरी और उसी वक्त वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गई।
हादसे में जख्मी हुए भलमंडा निवासी अमित कुमार (30), उनकी पत्नी सुनीता देवी (25), और दूसरी बाइक पर सवार जोगेंद्र साव (35) व बबन साव (32) को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (MRMCH) में भर्ती कराया गया।
अमित, सुनीता और उनकी बेटी अंजनी एक बाइक पर सवार थे, जबकि जोगेंद्र और बबन दूसरी बाइक पर थे। बसौरा में दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंजनी सड़क पर गिर गई और उसी दौरान एक ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
MRMCH में डॉक्टरों ने अंजनी को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया गया। घायलों का इलाज जारी है, जिसमें अमित और सुनीता की हालत गंभीर बताई जा रही है।

