बड़ी राहत! मानगो फ्लाईओवर का बदला डिजाइन, नया फ्लाईओवर और गोलचक्कर भी बनेगा

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur News: मानगो फ्लाईओवर के निर्माण में बड़ा बदलाव किया गया है, जिससे शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। अब पायल सिनेमा की ओर जाने वाला हिस्सा एकतरफा के बजाय टू-लेन (दोनों दिशाओं में यातायात) बनाया जाएगा।

यह निर्णय शनिवार (26 अप्रैल 2025) को विधायक सरयू राय, फ्लाईओवर निर्माण कंपनी के मुख्य डिजाइनर संजय भार्गव, और पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय की बैठक में लिया गया। तीनों ने मानगो क्षेत्र का दौरा कर स्थल का जायजा भी लिया।

विधायक सरयू राय की पहल पर बदला डिजाइन

पुराने डिजाइन में पायल सिनेमा की ओर केवल साकची से एकतरफा यातायात की योजना थी, लेकिन स्थानीय निवासियों और व्यवसायियों की मांगों को देखते हुए इसे टू-लेन करने का फैसला हुआ। इससे मानगो के व्यापारियों और नागरिकों को सुविधा होगी और ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी। सड़क चौड़ी करने के लिए वन विभाग की जमीन लेने का प्रस्ताव है।

पायल सिनेमा के पास फ्लाईओवर के अंतिम छोर पर एक गोलचक्कर (राउंडअबाउट) बनेगा, जो वाहनों को आसानी से यू-टर्न लेने में मदद करेगा। फ्लाईओवर के दोनों ओर सर्विस रोड और नीचे की जगह को वाहन पार्किंग के लिए विकसित किया जाएगा।

दोनों दिशाओं में होगा यातायात, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

स्थानीय सुझावों के आधार पर दो दिन से रुका हुआ पायलिंग कार्य फिर शुरू कर दिया गया है। विधायक सरयू राय ने बताया कि यह बदलाव जनता की मांगों को प्राथमिकता देते हुए किया गया है, जिससे मानगो की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।

बैठक में साकची के हाथी घोड़ा मंदिर से भुईंयाडीह श्मशान घाट तक एक नए फ्लाईओवर का प्रस्ताव भी पास हुआ। इसका उद्देश्य रांची, डोबो, और सरायकेला से आने वाले भारी वाहनों को टाटा स्टील फैक्ट्री तक सीधे पहुंचाना है।

इससे टिमकेन गोलचक्कर और मानगो पुल पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। मुख्य डिजाइनर संजय भार्गव ने इसकी डिजाइन प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है। सरयू राय ने कहा कि ये बदलाव मानगो की यातायात व्यवस्था में क्रांतिकारी सुधार लाएंगे।

Share This Article