हुसैन मर्डर केस में तीन आरोपी गिरफ्तार

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Hussain murder case: सरायकेला पुलिस ने चांडिल थाना अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र में हुई हत्या मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

चांडिल अनुमंडल कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुक्रवार को SDPO अरविंद कुमार सिन्हा ने बताया कि घटना 15 अप्रैल की रात करीब 2:30 बजे की है। मोहम्मद हुसैन नामक व्यक्ति की हत्या ताजनगर स्थित तस्लीमा नेता के घर के पीछे की बाउंड्री के पास की गई।

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वहां से खून से सना पत्थर और ईंट बरामद किया गया। मृतक की पत्नी अरीबा परवीन के बयान पर कपाली ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें मोहम्मद सहबान, साजन और अफाक को नामजद आरोपित बनाया गया था। मामले की त्वरित जांच करते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों में मो. सलाउद्दीन, मो. अब्दुल अंसारी उर्फ सोनू और मो. कलीम शामिल हैं। इनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, ईंट और मृतक का टूटा हुआ एंड्रॉयड फोन बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त सलाउद्दीन और सोनू से अन्य दो एंड्रॉयड फोन और कलीम से एक फोन जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, सलाउद्दीन पूर्व में भी दो मामलों में आरोपित रह चुका है, जिनमें से एक में उस पर हत्या की कोशिश और दूसरे में हत्या का आरोप है। पुलिस अब अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Share This Article