
रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई है। राज्य के सभी 81 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए वोट डाले। निर्धारित समय के भीतर पूरी मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। मतदान की शुरुआत भाजपा विधायक नवीन जयसवाल के वोट डालने के साथ हुई, जबकि सबसे अंतिम वोट झामुमो विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने डाला। इस चुनाव में कुल तीन प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसके चलते मुकाबला काफी दिलचस्प बन गया है। नतीजों को लेकर राजनीतिक गलियारों में उत्सुकता बढ़ गई है। मतदान के बाद अब सभी की नजरें मतगणना और परिणामों पर टिक गई हैं।
चुनाव से पहले क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक समीकरणों को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रहीं। ऐसे में परिणाम आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि किस उम्मीदवार को विधायकों का कितना समर्थन मिला है। राज्यसभा की दोनों सीटों पर जीत को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही अपनी-अपनी दावेदारी मजबूत बता रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चला। इसके बाद निर्वाचन आयोग की अनुमति मिलने पर शाम 5:00 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी।

