रांची में यहां बाजार में लगी थी भीड़, पुलिस ने की सख्ती, मची भगदड़

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए लागू स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का राजधानी रांची में पुलिस सख्ती से पालन करा रही है। सड़कों से लेकर बाजार और दुकानों पर भी पुलिस की कड़ी नजर है।

इसी क्रम में बुधवार को मोरहाबादी मैदान के पास लगे सब्जी बाजार में अत्यधिक भीड़ होने के कारण लालपुर थाना की पुलिस ने जमीन पर डंडे पटककर लोगों की भीड़ को हटाया।

बताया जा रहा है कि बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा था।

इस कारण लालपुर थाना की पुलिस ने पहले एलान करके लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने का निर्देश दिया।

पुलिस के जवान जब बाजार में दुकानों को बंद कराने लगे, उस वक्त वहाँ अफरा-तफरी मच गयी।

बाजार में खरीदारी के लिए आये लोग इधर-उधर भागने लगे। वहीं, दुकानदार भी अपने सामान को जल्दबाजी में समेटने लगे।

प्रशासन की ओर से बार-बार आग्रह करने के बाद भी जब दुकानदार नहीं माने, तो दुकानदार के सामान को भी जब्त किया गया।

पुलिस के जवानों ने सब्जी विक्रेता के तराजू को जब्त कर लिया और अपने साथ थाना ले गये।

लालपुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि जहां भी दुकानों पर भीड़ दिखी, उन्हें पहले बंद करने का निर्देश दिया गया।

एलान के जरिये भी लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने का आग्रह किया गया, लेकिन लोग नहीं माने, तो सख्ती बरतनी पड़ी।

Share This Article